सुहासिनी गांगुली ने चटगांव शस्त्रागार छापे के क्रांतिकारियों को अंग्रेजों से कैसे बचाया?

Suhasini Ganguly

Written by

in

1930 के दशक में अंग्रेज, चटगांव शस्त्रागार छापे के पीछे के क्रांतिकारियों की तलाश में बंगाल के कोने-कोने में छानबीन कर रहे थे। इनाम घोषित किए गए, छापे तेज हो गए और गिरफ्तारियां आम बात हो गईं। फिर भी  युवा क्रांतिकारी अंग्रेजों की पकड़ से दूर रहे क्योंकि वे एक ऐसी जगह छिपे थे, जिस पर किसी को शक भी नहीं हो सकता था, एक युवा स्कूल शिक्षिका सुहासिनी गांगुली के घर में, जिन्होंने चंदननगर के एक साधारण से घर को सबसे सुरक्षित छिपने की जगहों में से एक में बदल दिया था।

. 

क्रांतिकारी सुहासिनी गांगुली। छवि स्रोत: हिंदी विवेक

18 अप्रैल 1930 को सूर्य सेन के साहसी ‘चटगांव शस्त्रागार छापे’ (Chittagong Armoury Raid) ने ब्रिटिश साम्राज्य को हिलाकर रख दिया। इस छापे के दौरान, सूर्य सेन ने युवा क्रांतिकारियों के एक समूह का नेतृत्व करते हुए चटगांव में ब्रिटिश प्रशासन पर एक सुनियोजित हमला किया। क्रांतिकारियों ने पुलिस और ऑक्जिलरी फोर्स के शस्त्रागारों पर कब्ज़ा कर लिया, टेलीग्राफ और टेलीफोन लाइनें काट दीं, रेलवे संचार व्यवस्था को बाधित किया और कुछ समय के लिए शहर का संपर्क शेष ब्रिटिश भारत से काट दिया। 

इससे शर्मिंदा ब्रिटिश शासन ने उन्हें पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया, जिससे क्रांतिकारियों को बंगाल में इधर-उधर भागना पड़ा। उनमें से कुछ चंदननगर पहुंच गए, जो एक फ्रांसीसी उपनिवेश था और ब्रिटिश पुलिस की तत्काल पहुंच से दूर था। बंगाल पर ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी का शासन था, लेकिन चंदननगर, जो बंगाल में ही स्थित था, एक फ्रांसीसी औपनिवेशिक केंद्र के रूप में स्थापित था और इसलिए ब्रिटिश निगरानी से सुरक्षित था। लेकिन वहां भी उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी, जो उन्हें पनाह देकर सब कुछ दांव पर लगाने को तैयार हो। वह व्यक्ति सुहासिनी गांगुली थीं, जो ब्रिटिश निगरानी से दूर भारत के स्वतंत्रता संग्राम के लिए काम करने के उद्देश्य से चंदननगर में रह रही थीं।

क्रांतिकारियों की मदद करने के लिए, उन्होंने अपने साथी क्रांतिकारी शशाधर आचार्य के साथ दो मंजिला एक साधारण सा घर किराए पर लिया। शक से बचने के लिए, दोनों ने पति-पत्नी होने का नाटक किया, क्योंकि औपनिवेशिक बंगाल में मकान-मालिक अक्सर कुंवारे पुरुषों को घर किराए पर देने से हिचकिचाते थे, उन्हें डर रहता था कि वे क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। वहीं, शादी-शुदा जोड़े पर किसी का ज़्यादा ध्यान नहीं जाता था। 

इस तरह यह घर ब्रिटिश साम्राज्य के सबसे ज्यादा वांछित क्रांतिकारियों के लिए एक सुरक्षित ठिकाना बन गया। इनमें शामिल थे-

गणेश घोष, जो चटगांव शस्त्रागार छापे के मुख्य आयोजकों में से एक थे।

लोकेनाथ बाल, जिन्होंने ऑक्जिलरी फोर्स के शस्त्रागार पर हमले का नेतृत्व किया था।

 आनंद गुप्ता, जो सूर्य सेन के करीबी सहयोगी थे, और 

जीवन घोषाल, जो भूमिगत आंदोलन के एक और समर्पित सदस्य थे।

इस तरह वहां उन्हें खाना, आराम और सबसे जरूरी बात, फिर से संगठित होने का समय मिला।


चटगांव शस्त्रागार छापे के पीछे के लोग। इमेज सोर्स: द बेटर इंडिया

इस बीच, सुहासिनी ने एक शादीशुदा महिला का वेश बहुत सावधानी से बनाए रखा। वह रोज सिंदूर लगाती थीं और शंख-पोला (बंगाली शादीशुदा महिलाओं द्वारा पहनी जाने वाली पारंपरिक शंख की चूड़ियां) पहनती थीं। उन्होंने काशीश्वरी पाठशाला में पढ़ाने का काम शुरू किया, पड़ोसियों से मेल-जोल रखा। वह स्थानीय बाजार जाती थीं और एक आम घरेलू महिला की तरह अपनी दिनचर्या निभाती थीं। इस तरह, अपने आस-पास के लोगों के लिए वह बस एक सम्मानित बंगाली पत्नी और स्कूल शिक्षिका थीं। उनका यह प्लान बहुत कामयाब रहा, लेकिन सिर्फ 1 सितंबर, 1930 तक।

उस दिन सब कुछ बदल गया। क्रांतिकारियों के साथ धोखा करने वाले एक व्यक्ति से गुप्त ऑपरेशन के बारे में मिली जानकारी के आधार पर, ब्रिटिश सशस्त्र पुलिस ने घर को घेर लिया। बचने का कोई खास मौका न देखकर, क्रांतिकारियों ने मुकाबला करने का फैसला किया। जबरदस्त गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे चंदननगर की शांत सड़कें गूंज उठीं। इस मुठभेड़ में क्रांतिकारी जीवन घोषाल मारे गए, जबकि सुहासिनी गांगुली को दूसरों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।  

इसके बाद जो हुआ वह क्रूरता थी। अंग्रेजों ने सुहासिनी से बार-बार पूछताछ की, सूर्य सेन के ठिकाने, छिपे हुए हथियारों के स्थान, कोरियर की पहचान और अभी भी भूमिगत काम कर रहे लोगों के नाम जानने की मांग की। हिरासत में गंभीर शारीरिक शोषण सहने के बावजूद, उन्होंने ऐसी जानकारी नहीं दी, जिससे उसके साथियों को खतरा हो सकता था। औपनिवेशिक सरकार ने अंततः उन्हें वर्तमान खड़गपुर के पास हिजली डिटेंशन कैंप में भेज दिया, जहां राज के लिए खतरनाक माने जाने वाले कई राजनीतिक कैदियों को असाधारण हिरासत कानूनों के तहत वर्षों तक रखा गया था। उन्होंने लगभग छह साल जेल में पूर्ण अलगाव में बिताए, लेकिन उनका संकल्प अटूट रहा।


हिजली डिटेंशन कैंप   

जब भी चटगांव शस्त्रागार छापे (Chittagong Armoury Raid) को याद किया जाता है, तो उन युवा क्रांतिकारियों की तारीफ की जाती है जिनमें एक दर्जन महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने हाथों में बंदूकें लेकर ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती देने की हिम्मत दिखाई थी। लेकिन इन क्रांतियों के पीछे सुहासिनी गांगुली जैसे लोग भी थे, जो वेश बदलकर ऐसे ऑपरेशन को लीड करते थे। 

हालांकि, चंदननगर में उनका साधारण सा घर आखिरकार अंग्रेजों के कब्जे में आ गया, लेकिन तब तक वह अपना मकसद पूरा कर चुका था। उसने उस क्रांति को जिंदा रखा था, जिसे ब्रिटिश साम्राज्य हर हाल में खत्म करना चाहता था।