जैसे ही हम गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती, जिसे प्रकाश पर्व भी कहा जाता है, मनाते हैं और उन्हें याद करते हैं, तो हमें मुक्तसर की लड़ाई की सच्ची कहानी भी याद आ जाती है, जो एक मुश्किल समय में लड़ी गई थी। इस समय दसवें सिख गुरु गोबिंद सिंह जी मुगलों से भयंकर संघर्ष कर रहे थे। सिख इतिहास के सबसे भावनात्मक और हृदयविदारक अध्यायों में से एक यह युद्ध आज भी शौर्य, त्याग और वफादारी की मिसाल बनकर गूंजता है।
यह कहानी 40 सिख शिष्यों की है, जिन्होंने महान सिंह के नेतृत्व में अपनी जान के डर से आनंदपुर साहिब में ‘बेदावा’ (अस्वीकरण पत्र) पर हस्ताक्षर किए थे। लेकिन अगर मौत से भी बड़ी कोई सजा है, तो वह है, अपने गुरु को छोड़ने का पछतावा। यही पछतावा, उन 40 सिखों को वापस युद्ध के मैदान में ले आया। यहां हम मुक्तसर की लड़ाई के बारे में विस्तार से जानेंगे, एक ऐसी कहानी, जो आंसुओं से लिखी गई है।
.
बेदावा पर हस्ताक्षर
साल 1705, गुरु गोबिंद सिंह के मुगल अत्याचार के खिलाफ संघर्ष के सबसे मुश्किल वर्षों में से एक था। आनंदपुर साहिब खाली करने के बाद, मुगल सेनाओं द्वारा धोखे से पीछा करना, चमकौर में उनके दो बड़े बेटों की शहादत और सरहिंद में उनके दो छोटे बेटों का बलिदान, इन त्रासदियों ने गुरु को बहुत गहरा वेदना पहुंचाई थी।
यह इसी मुश्किल समय की बात है, जब उन 40 सिखों की कहानी शुरू होती है, जिन्होंने गुरु का साथ छोड़ दिया था। दरअसल आनंदपुर साहिब की लंबी घेराबंदी के दौरान, खाना के साथ-साथ अन्य संसाधन भी, पूरी तरह खत्म हो गए थे। अपने परिवारों के साथ अपनी जान बचाने के लिए, माझा इलाके के लगभग 40 सिखों ने महान सिंह के नेतृत्व में गुरु गोबिंद सिंह का साथ छोड़ने का फैसला किया।
गुरुजी उन्हें रोक सकते थे, लेकिन वह उनके दिलों में बैठे डर को समझते थे। इसलिए उन्होंने शर्त रखी कि उन्हें बेदावा (अस्वीकरण पत्र) पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिससे औपचारिक रूप से गुरु के साथ उनका रिश्ता खत्म हो जाएगा। डरे हुए उन 40 सिखों ने पत्र पर हस्ताक्षर करके कुछ समय के लिए अपने गुरु पर से विश्वास खो दिया और सभी अपने-अपने घरों की ओर चल पड़े।
पछतावे की आग
गांव में अपने-अपने घरों पर पहुंचने के बाद, आनंदपुर साहिब छोड़ने वाले उन 40 योद्धाओं को शांति नहीं मिली। ऐसा माता भाग कौर के कड़े विरोध के कारण हुआ, जो स्वयं एक मां जैसी होने के साथ-साथ एक जबरदस्त योद्धा भी थीं। जब माता भाग कौर को इन योद्धाओं द्वारा युद्ध से पहले गुरु का त्याग करने की खबर मिली, तो वह क्रोधित हो गईं। अपने साहस और गुरु में अटूट विश्वास के सामने उन्हें उन 40 सिखों का गुरु का साथ छोड़ना कायरता का काम लगा। उन्होंने उन सबके साथ मुलाकात करके कड़कते स्वर में पूछा, “क्या आप सब मुगलों से डरते हैं, और गुरु के लिए अंतिम बलिदान देने के बजाय जान बचाकर भागना आप सबको ज्यादा सम्मानजनक लगा?”
उनके शब्दों ने उन 40 सिख लड़ाकों के दिलों को चीर दिया। उसी पल, उन्होंने बेदावा पर हस्ताक्षर करने की अपनी गलती का प्रायश्चित करने और गुरु गोबिंद सिंह का आशीर्वाद फिर से पाने का संकल्प लिया। यह जानते हुए कि उन सबकी मौत तय है, फिर भी अपना सम्मान वापस पाने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर, उन्होंने माता भाग कौर के नेतृत्व में हथियार उठाए और गुरु जी का पीछा कर रही मुगल सेनाओं का सामना करने निकल पड़े।
खिदराना दी ढाब में अंतिम परीक्षा
दिसंबर 1705 में, गुरु गोबिंद सिंह, जिनका मुगल सैनिक पीछा कर रहे थे, उनसे लड़ते हुए बचते-बचाते, खिदराना दी ढाब (आज का मुक्तसर) पहुंचे। उसी समय, माता भाग कौर के नेतृत्व में 40 योद्धाओं का समूह भी वहां आ पहुंचा। मुगल सेना संख्या और हथियारों में बहुत बड़ी थी। परंतु उन 40 सिखों की आंखों में कोई डर नहीं था, केवल अपनी गंभीर गलती को सुधारने का एक पवित्र संकल्प था।
यह लड़ाई सिख इतिहास की सबसे असमान लड़ाइयों में से एक थी। गुरु गोबिंद सिंह ने पास की एक पहाड़ी से तीर चलाकर रणनीतिक रूप से उनका साथ दिया। वे 40 योद्धा, खूंखार शेरों की तरह लड़े। वे सब यह साबित करने के लिए दृढ़ संकल्प थे कि वे गद्दार नहीं थे और गुरु के प्रति उनका प्यार और आदर हमेशा बना रहेगा। हर हमले में, तलवार के हर वार में, आनंदपुर साहिब में की गई गलती का प्रायश्चित करने की उनकी बेचैनी साफ दिख रही थी। फिर भी, यह छोटा सा समूह मुगलों के लगातार हमले का ज्यादा देर तक सामना नहीं कर सका।

जब बेदावा फाड़ा गया
लड़ाई जल्दी ही समाप्त हो गई। मुगल सेना पीछे हट गई, लेकिन 40 योद्धाओं की वीरता के कारण उनके अपने और दुश्मनों के खून से युद्ध का मैदान लाल हो गया था। गुरु गोबिंद सिंह स्वयं मैदान में आए। उनकी आंखों में आंसू थे और दिल में बहुत ज्यादा प्यार। गिरे हुए 40 योद्धाओं में से नेता भाई महान सिंह अपनी आखिरी सांसें ले रहे थे। उसी पल, गुरु जी ने आनंदपुर में हस्ताक्षर किया हुआ वह मनहूस बेदावा दस्तावेज लिया और भाई महान सिंह की आंखों के सामने उसे फाड़कर टुकड़े-टुकड़े कर दिया। गुरु ने कहा, “मेरे बेटे, तुमने जो वादा तोड़ा था, मैं तुम्हें माफ करता हूं। तुम्हारे बलिदान ने बेदावा फाड़ दिया है! तुम मुक्त हो!”
उसी पल, 40 योद्धाओं की आत्माओं को गुरु का प्यार मिला और उन्हें मुक्ति मिल गई।
बलिदान का प्रतीक : मुक्तसर
40 योद्धाओं ने सिर्फ अपनी जान नहीं दी, उन्होंने इंसान की कमजोरी पर विश्वास की जीत दिखाई। उस दिन से सिख धर्म में उन्हें ‘चाली मुक्ते’ (40 मुक्त आत्माएं) के रूप में सम्मान दिया जाता है।
यह सच्ची कहानी दुनिया को बताती है कि समर्पण, पछतावा और गुरु के प्रति अटूट प्रेम से कोई भी गलती माफ की जा सकती है, उसे सुधारा जा सकता है और मुक्ति पाई जा सकती है। इसलिए, जिस जगह पर लड़ाई हुई थी, खिदराना दी ढाब, वह जगह आज मुक्तसर (मुक्ति का तालाब) के नाम से जानी जाती है।यह लड़ाई किसी मिलिट्री जीत को नहीं, बल्कि इंसान की आत्मा की गहरी नैतिक जीत को दिखाती है।

