वो योद्धा, जिसने अपनी जान देकर महाराणा प्रताप को बचाया! हल्दीघाटी के वीर झाला बीदा की अनसुनी कहानी!

Haldighati Vijay

Written by

in

हल्दीघाटी के मैदान में एक वीर ने अपनी वीरता से एक ऐसी रणगाथा लिखी, जो केवल युद्ध कौशल की नहीं, बल्कि अद्वितीय स्वामिभक्ति, साहस और बलिदान की भी पराकाष्ठा है। यह वीरगाथा है उस योद्धा की, जिन्हें इतिहास में झाला बीदा के नाम से जाना जाता है। 

हल्दीघाटी के युद्ध का वर्णन अक्सर महाराणा प्रताप की वीरता के लिए किया जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उस युद्ध के निर्णायक क्षणों में एक ऐसा बलिदान हुआ, जिसने न केवल एक राजा की जान बचाई बल्कि मेवाड़ की अस्मिता को भी जीवित रखा। यह केवल एक युद्ध कथा नहीं, बल्कि वह क्षण है, जब निष्ठा ने मृत्यु को चुनौती दी और एक सैनिक ने अपने प्राणों को स्वामी की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।

हल्दीघाटी में झाला बीदा (झाला मानसिंह) का युद्ध करते हुए प्रतीकात्मक फोटो, इमेज सोर्स- rajasthanhistory.com

यह घटना 18 जून 1576 की है, जब हल्दीघाटी का युद्ध अपने चरम पर था। एक ओर मुगल आक्रांता अकबर की विशाल सेना थी, तो दूसरी ओर सीमित संसाधनों के बावजूद मेवाड़ की स्वतंत्रता के लिए लड़ते महाराणा प्रताप अपने योद्धाओं के साथ खड़े थे। रणभूमि में धूल के गुबार, तलवारों की टकराहट और युद्ध घोष गूंज रहे थे। महाराणा प्रताप स्वयं मुगल सेना के बीच घुसकर उनके सैनिकों को गाजर-मूली की तरह काट रहे थे। उनका लक्ष्य स्पष्ट था अकबर की जिहादी सेना को युद्धभूमि में परास्त कर यह संदेश देना कि मेवाड़ की स्वतंत्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। चाहे संसाधन हो या न हों।

युद्ध के मध्य एक भयावह मोड़ आया। महाराणा प्रताप के प्रिय घोड़े चेतक की एक टांग मानसिंह के हाथी की सूंड में बंधी तलवार लगने से चोटिल हो चुकी थी। चेतक के घायल होने से महाराणा प्रताप मुगल सेना से घिर गए। अकबर की सेना जिसका सेनापति मान सिंह था, उसने महाराणा प्रताप को घेरकर वार किया, वीरता के साथ युद्ध लड़ते हुए महाराणा प्रताप घायल हुए। उनके शरीर पर भाले और तलवार से कई घाव हुए। फिर भी वह  युद्धभूमि में डटे रहे। उनके सिर पर लगे राजकीय छत्र और प्रतीक उन्हें शत्रुओं के लिए स्पष्ट लक्ष्य बना रहे थे। हर मुगल सैनिक चाहता था कि वही घायल महाराणा प्रताप को पकड़ने या मारने का श्रेय ले। वह क्षण ऐसा था, जब कुछ क्षणों के लिए लगा कि अब मेवाड़ का सूर्य अस्त होने वाला है। इतिहास एक अलग दिशा ले सकता है।

इसी निर्णायक घड़ी में, जब मृत्यु कुछ ही क्षण दूर प्रतीत हो रही थी, तब महाराणा प्रताप के प्रमुख सहयोगी झाला बीदा की दृष्टि उन पर पड़ी। झाला बीदा स्वयं वीरता के साथ मुगल सेना से लड़ाई लड़ रहे थे। लेकिन महाराणा को घायल देखकर झाला बीदा ने बिना किसी हिचकिचाहट के ऐसा निर्णय लिया, जो खुद की जान देने जैसा था। उन्होंने महाराणा प्रताप के मस्तक से राजकीय छत्र झपटकर उतारा और स्वयं धारण किया। फिर 350 सैनिकों को लेकर युद्धभूमि में कूद पड़े। अकबर की मुगल सेना जो घायल महाराणा को खोज रही थी, अब वह झाला बीदा के सिर पर राजकीय छत्र देखकर, उन्हें महाराणा समझकर उन पर टूट पड़ी। भ्रमित मुगल सेना का पूरा ध्यान महाराणा प्रताप से हटकर झाला बीदा पर केंद्रित हो गया। 

अब युद्ध का सबसे भीषण रूप सामने था। झाला बीदा कुछ सैनिकों की टुकड़ी के साथ अकबर की विशाल सेना के सामने खड़े थे, जो उन्हें निगल जाने को आतुर थी। लेकिन झाला बीदा ने न तो भय दिखाया और न ही पीछे हटने का विचार किया। वह पूरी शक्ति से मुगल सैनिकों से लड़ते रहे, मानो वह सच में महाराणा हों। झाला बीदा ने देखते ही देखते मुगल सेना के कई सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, मुगलों की विशाल सेना के सामने बीदा की सैनिकों की टुकड़ी बहुत छोटी थी। बीदा हर वार के साथ मृत्यु के निकट जा रहे थे। लेकिन उनकी निडर आंखों में बस एक ही उद्देश्य था, अपने स्वामी महाराणा प्रताप की सुरक्षा। यह केवल वीरता नहीं थी, यह त्याग की उस सीमा को पार करना था, जहां व्यक्ति अपने अस्तित्व को भी त्याग में बदल देता है। क्योंकि सिर पर राजचिन्ह देखकर मुगल सेना झाला बीदा को ही महाराणा प्रताप समझ बैठी थी।

इस बीच, महाराणा प्रताप के स्वामिभक्त साथियों ने अवसर का लाभ उठाया और उन्हें युद्धभूमि से बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। घायल चेतक ने भी अपने स्वामी को बचाने में अंतिम सांस तक साथ दिया। जब तक मुगल सैनिकों को पता चला कि जिसे वह महाराणा प्रताप समझ रहे हैं, वास्तविकता में वह झीला बीदा हैं, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। प्रताप सुरक्षित स्थान तक पहुंच चुके थे, लेकिन इधर झाला बीदा मुगलों से युद्ध करते हुए बलिदान हो गए। उनका बलिदान केवल एक जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक राज्य, एक स्वाभिमान और एक संघर्ष को जीवित रखने का माध्यम बन गया।

आज जब हम हल्दीघाटी की उस पवित्र भूमि को देखते हैं, तो वहां केवल एक युद्ध की स्मृति नहीं, बल्कि झाला बीदा के अमर बलिदान की गूंज भी सुनाई देती है। झाला बीदा का नाम भले ही इतिहास के मुख्य पन्नों में कम लिखा गया हो, लेकिन उनका त्याग हर उस व्यक्ति के हृदय में जीवित है, जो निष्ठा और कर्तव्य का अर्थ समझता है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची वीरता केवल शत्रु को परास्त करने में नहीं, बल्कि अपने धर्म, अपने स्वामी और अपने कर्तव्य के लिए स्वयं को समर्पित कर देने में है। उनका बलिदान मेवाड़ की मिट्टी में सदा-सदा के लिए अंकित हो चुका है और आने वाली पीढ़ियों को यह प्रेरणा देता रहेगा कि जब भी धर्म और स्वाभिमान पर संकट आए, तो कोई न कोई झाला बीदा बनकर इतिहास को अमर कर देगा।